मध्य प्रदेश की 28 विधानसभा सीटों पर मतदान हुआ। वोटिंग के दौरान राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के बीच में जुबानी जंग भी हुई। कांग्रेस नेता ने कहा, उन्हें ईवीएम पर भरोसा नहीं है। पूर्व मुख्यमंत्री के इस बयान पर सीएम शिवराज ने तंज कसते हुए कहा कि 2018 के चुनावों में यही ईवीएम ठीक थी। कांग्रेस के नेता और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने कहा, ‘तकनीकी युग में विकसित देश EVM पर भरोसा नहीं करते पर भारत व कुछ छोटे देशों में EVM से चुनाव होते हैं। विकसित देश क्यों नहीं कराते? क्योंकि उन्हें EVM पर भरोसा नहीं है। क्यों? क्योंकि जिसमें चिप है वह हैक हो सकती है।’
दिग्विजय सिंह ने मीडिया से आज मतदान के बीच में कहा था कि, ‘हमने चुनाव आयोग से शिकायत की है कि मुरैना में गुंडागर्दी चरम सीमा पर है। कांग्रेस के प्रत्याशी को धमकाया जा रहा है। एक सबइंस्पेक्टर है उसकी शिकायत हमने की है।’
बता दें, कुछ दिन पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया पार्टी का दामन छोड़ भाजपा में भी शामिल हो गए थे। उस दौरान उनके साथ 22 विधायक भी कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे। वहीं कुछ दिन बाद तीन और विधायक कांग्रेस से भाजपा में शामिल हो गए थे। जिसके बाद विधायकों की सदस्यता रद्द कर दी गई थी। वहीं राज्य में तीन विधायकों का निधन हो गया था। जिसकी वजह से कुल 28 सीटों पर मतदान हुआ। चुनाव आयोग द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक मध्य प्रदेश में 66.37% मतदान हुआ। मध्य प्रदेश में हुए उपचुनावों के नतीजे 10 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।