नेपाल में भारत की मुखर पक्षधर नेपाल समाजवादी पार्टी की सांसद सरिता गिरी को नेपाल सरकार ने सांसद पद से हटा दिया। वह नेपाल की संसद में भारत के पक्ष में बोलने वाली एकमात्र आवाज मानी जाती हैं। इसके अलावा नेपाल में भारत के सभी समाचार चैनलों पर भी रोक लगा दी गई है।
जानकारी के अनुसार नेपाल के संघीय संसद सचिवालय ने समाजवादी पार्टी की सांसद सरिता गिरी को पद से हटाने की अधिसूचना जारी की है। बताया जा रहा है कि सभाप्रमुख अग्नि प्रसाद सापकोटा ने समाजवादी पार्टी की ओर से प्राप्त पत्र के आधार पर यह निर्णय लिया है।
सरिता गिरी को सांसद पद से हटाने के लिए नेपाल के संविधान की धारा 89 के तहत कार्रवाई की गई है। उनको पदच्युत किए जाने का कारण पार्टी व्हिप का उल्लंघन करना माना जा रहा है। राजनैतिक जानकारों के अनुसार नेपाल में ओली सरकार की ओर से जो नया राजनीतिक नक्शा प्रकाशित किया गया था, जिसमें नेपाल ने भारत के कुछ हिस्सों को अपने नक्शे में शामिल कर लिया, उसके विरोध में सरिता गिरी ने पार्टी व्हिप का उल्लंघन करते हुए मतदान करने की कोशिश की थी और संसद का बहिष्कार भी किया था।